गोलमुरी केनरा बैंक डकैती: तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, 33.62 करोड़ की लूट में तीन संदिग्धों के फोटो जारी


जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है।

 बैंक प्रबंधन की शिकायत के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया और हथियार के बल पर स्ट्रांग रूम खुलवाकर नकदी और सोना लूट लिया। पुलिस के अनुसार, अपराधी बैंक से करीब 42 लाख रुपये नकद और 23.80 किलो सोना लेकर फरार हुए। एफआईआर में सोने की कीमत करीब 33.20 करोड़ रुपये बताई गई है। 

नकदी और सोने को मिलाकर लूट की कुल रकम करीब 33.62 करोड़ रुपये आंकी गई है। बैंक के स्ट्रांग रूम में ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे गए करीब 650 पैकेटों में सोने के आभूषण रखे थे। वारदात के दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों के हाथ पैकिंग टेप से बांध दिए और उनके मुंह पर भी टेप लगाया। 

इसके बाद बैंक के चेस्ट और स्ट्रांग रूम को खुलवाकर नकदी और सोने के पैकेट अपने कब्जे में ले लिए। पूरी घटना के दौरान अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक परिसर में मौजूद लोगों को डराकर रखा। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। 

जांच टीम तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और फिंगरप्रिंट के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े सुरागों को खंगालने के साथ अपराधियों के संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई तेज की है। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध अपराधियों के फोटो जारी किए हैं। 

इनकी पहचान या गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वालों के लिए प्रत्येक संदिग्ध पर दो-दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें लगातार जांच में जुटी हैं।

 सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर अपराधियों की गतिविधियों और भागने के रास्ते की पड़ताल की जा रही है।इस वारदात ने शहर की बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों के घुसने और करोड़ों रुपये के सोने की लूट के बाद पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के साथ लूटी गई संपत्ति की बरामदगी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Comments

और नया पुराने