छठ महापर्व के कारण 15 नवंबर को नहीं होगा झारखंड स्थापना दिवस का भव्य समारोह, 28 नवंबर को खेलगांव में होगा मुख्य आयोजन


रांची। झारखंड में इस बार राज्य स्थापना दिवस का आयोजन अलग अंदाज में किया जाएगा। छठ महापर्व को देखते हुए राज्य सरकार ने 15 नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस के मुख्य समारोह को स्थगित कर दिया है। अब राज्यस्तरीय भव्य समारोह 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित किया जाएगा।

दरअसल, प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के साथ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी धूमधाम से मनाई जाती है। लेकिन इस वर्ष 15 नवंबर को ही छठ महापर्व का संध्याकालीन अर्घ्य पड़ रहा है। ऐसे में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने मुख्य समारोह की तारीख में बदलाव किया है।

हालांकि, 15 नवंबर को स्थापना दिवस पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इस दिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक राज्य के सभी 24 जिलों में 'रन फॉर क्लीनलीनेस' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत लोग दौड़ लगाकर छठ घाटों तक पहुंचेंगे और वहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

वहीं, 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य, संगीत एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी।

इसके अलावा 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में भव्य मेला एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 28 नवंबर को मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों तथा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस प्रकार, झारखंड का स्थापना दिवस 15 नवंबर को ही रहेगा, लेकिन इस बार मुख्य राजकीय समारोह 28 नवंबर को आयोजित होगा। 


Comments

और नया पुराने