सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में 25वें छठ महोत्सव की तैयारी जोरों पर, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे खुलेंगे सभी प्रवेश द्वार

आँखी दास, करीना पांडेय और सावित्री पांडेय की भक्ति प्रस्तुतियों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या, 1100 व्रतियों को निःशुल्क पूजन सामग्री देगी समिति

जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में 25वें छठ महोत्सव के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महापर्व छठ को लेकर मंदिर परिसर के दोनों तालाबों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, पेंटिंग और विद्युत सज्जा का कार्य अंतिम चरण में है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

बुधवार को भालूबासा स्थित एक होटल में सूर्य मंदिर समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी एवं मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष सूर्य मंदिर समिति 25वां छठ महोत्सव मना रही है। महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर के दोनों तालाबों की पूरी तरह सफाई कर उनकी सतह पर पेंटिंग की जा रही है। इसके बाद तालाबों में स्वच्छ पानी भरा जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। छठ पूजा के अवसर पर सूर्य मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सूर्य मंदिर आने-जाने वाले रास्तों की सफाई भी कराई जा रही है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए समिति के स्वयंसेवक लगातार सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि पूरा आयोजन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास तथा संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में संपन्न होगा। महोत्सव में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

**15 नवंबर को दोपहर 2 बजे खुलेंगे प्रवेश द्वार**

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे सूर्य मंदिर परिसर के सभी प्रवेश द्वार खोल दिए जाएंगे। घाट पर श्रद्धालुओं को पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर प्रवेश मिलेगा और वे भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।

**लोकगायिकाओं की प्रस्तुति से भक्तिमय होगी सांस्कृतिक संध्या**

छठ महोत्सव के प्रथम अर्घ्य के अवसर पर 15 नवंबर को शाम 7 बजे से सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका आँखी दास, करीना पांडेय और सावित्री पांडेय अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिमय संगीत की सौगात देंगी। इनके साथ स्थानीय कलाकार भी छठ गीत, लोकगीत और भजनों की प्रस्तुति देंगे। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।

**1100 व्रतियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्री का वितरण**

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रतियों की सहायता के लिए 14 नवंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक निःशुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस वर्ष समिति की ओर से 1100 जरूरतमंद व्रतियों को संपूर्ण पूजन सामग्री उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पूर्वी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने इलाकों में आर्थिक रूप से कमजोर व्रतियों की पहचान कर उनकी सूची समिति को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।

समिति ने कहा कि 25वें छठ महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और भक्तिमय बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी तत्परता से की जा रही हैं।

Comments

और नया पुराने