निखार सबलोक और कन्हैया यादव हत्याकांड से लेकर बिंदल मॉल फायरिंग तक के आरोपियों पर होगी कार्रवाई, अखिलेश सिंह समेत सात आपराधिक गिरोह पुलिस के निशाने पर
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में सक्रिय और कुख्यात अपराधकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से जारी 16 नवंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 91 अपराधकर्मियों को सीसीए की कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है।
इनमें 54 अपराधकर्मियों के विरुद्ध सीसीए के तहत निरुद्धादेश की कार्रवाई प्रस्तावित है, जबकि 37 अपराधकर्मियों को तड़ीपार करने के लिए चिन्हित किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जिले में संगठित अपराध, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों और लगातार आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाना है कई चर्चित हत्याकांड और फायरिंग के आरोपी पुलिस के निशाने पर
पुलिस ने जिले की कई चर्चित आपराधिक घटनाओं से जुड़े अपराधकर्मियों को सीसीए की कार्रवाई के लिए चिन्हित किया है। इनमें निखार सबलोक हत्याकांड, गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड, बिंदल मॉल फायरिंग कांड और मानगो थाना क्षेत्र में एसआईआर करवाने के नाम पर हुई लूट की घटना से संबंधित अपराधकर्मी शामिल हैं।
सात आपराधिक गिरोहों पर पुलिस की नजर
जमशेदपुर पुलिस ने जिले में सक्रिय कई कुख्यात आपराधिक गिरोहों के सदस्यों के खिलाफ भी सीसीए के तहत कार्रवाई शुरू की है। इनमें अखिलेश सिंह गिरोह, गणेश सिंह गिरोह, बिल्ला पाठक गिरोह, कन्हैया सिंह गिरोह, रंजीत-संजीत गिरोह, छिनतई की कई घटनाओं में संलिप्त हरपाल एवं मनप्रीत गिरोह तथा मासुक-मनीष गिरोह से जुड़े अपराधकर्मी शामिल हैं।
मानगो और ओलीडीह में सबसे अधिक अपराधकर्मी चिन्हित
जारी आंकड़ों के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 15 अपराधकर्मी चिन्हित किए गए हैं। वहीं ओलीडीह थाना क्षेत्र में 14 अपराधकर्मियों को सीसीए की कार्रवाई के दायरे में रखा गया है। अन्य थाना क्षेत्रों में भी अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, संगठित आपराधिक गिरोहों को कमजोर करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags
जमशेदपुर
Comments