जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित दो माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। आदित्यपुर निवासी आशुतोष कुमार की बेटी रिधि राय ने सोमवार देर शाम दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन 25 अक्टूबर को उसे एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग लेकर पहुंचे थे। वहां करीब दो घंटे तक इलाज कराने के बाद परिजन उसे घर वापस ले गए। हालांकि, अगले ही दिन यानी 26 अक्टूबर को बच्ची की हालत अचानक और गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे दोबारा एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल भर्ती कर लिया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने इलाज शुरू किया। बच्ची को बचाने के लिए तमाम प्रयास किए गए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी। अस्पताल पहुंचने के समय उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी। तमाम जीवनरक्षक उपायों के बावजूद सोमवार देर शाम उसने अंतिम सांस ले ली। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Tags
जमशेदपुर
Comments