हिमांशु सिंह हत्याकांड में नीरज सिंह को फिर झटका, अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
पहले भी निचली अदालत से लेकर झारखंड हाईकोर्ट तक खारिज हो चुकी है जमानत अर्जी, फिलहाल जेल में ही रहेंगे आरोपी
जमशेदपुर: डीडी बार में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जेल में बंद आरोपी नीरज सिंह को एक बार फिर अदालत से राहत नहीं मिली है। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज-1 की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इस फैसले के बाद नीरज सिंह को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में नीरज सिंह की जमानत याचिका इससे पहले भी निचली अदालत से लेकर झारखंड उच्च न्यायालय तक खारिज हो चुकी है। इसके बावजूद बचाव पक्ष की ओर से एक बार फिर जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया गया था। मंगलवार को मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने जमानत देने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी।
अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को मामले में निर्णय दर्ज किया गया है। केस स्टेटस में 'Case Disposed' और फैसले की प्रकृति 'Contested-REJECTED' अंकित है।
लगातार जमानत याचिकाएं खारिज होने से नीरज सिंह को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में अदालत के इस फैसले को अहम माना जा रहा है।
Comments