सूर्यधाम सिदगोड़ा के छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सपरिवार दिया भगवान भास्कर को अर्घ्य

दोनों छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, छठी मइया के जयकारों से भक्तिमय हुआ सूर्यधाम परिसर

जमशेदपुर: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सूर्यधाम के दोनों छठ घाट तालाबों पर हजारों की संख्या में छठव्रती एवं श्रद्धालु उमड़े। पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे भक्तिभाव के साथ व्रतियों ने अस्ताचलगामी एवं उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं आरोग्य की कामना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा सूर्यधाम परिसर भक्तिमय बना रहा।

इस पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने भी सपरिवार सूर्यधाम पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास एवं पुत्रवधू सह जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मौजूद रहीं। रघुवर दास ने विधि-विधान के साथ सूर्यदेव की पूजा-अर्चना एवं हवन किया। उन्होंने छठी मइया और भगवान भास्कर से जमशेदपुर सहित समस्त झारखंडवासियों के सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दोनों छठ घाट तालाबों की विशेष साफ-सफाई कर आकर्षक रूप दिया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, सुगंधित पुष्पों और आकर्षक सजावट से सूर्य मंदिर परिसर की भव्यता देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। वहीं, स्थानीय प्रशासन के साथ सूर्य मंदिर समिति के दर्जनों सदस्य व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समस्त झारखंडवासियों एवं छठव्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना का यह महापर्व जीवन में अनुशासन, पवित्रता, संयम और समर्पण का संदेश देता है। छठ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व नारी शक्ति के अद्भुत तप, त्याग, निष्ठा और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। छठव्रतियों की कठिन साधना और समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

अंत में रघुवर दास ने सूर्य मंदिर समिति की ओर से महापर्व के सफल आयोजन, स्वच्छता, पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने आयोजन में जुटे समिति के सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Comments

और नया पुराने