मानगो नगर निगम पर सरयू राय का तीखा हमला, बोले- चालबाजी और मक्कारी बंद करें अधिकारी

**छठ के नाम पर जनता को आपस में लड़ाने की साजिश का आरोप, वसुंधरा एस्टेट में कचरा डंप करने के लिए मांगा पर्यावरणीय क्लीयरेंस**

**जमशेदपुर।** जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को मानगो नगर निगम की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने निगम के अधिकारियों पर अपनी विफलता छिपाने के लिए जनता को आपस में लड़ाने और जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निगम के अधिकारी चालबाजी और मक्कारी बंद करें। जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरयू राय ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले मानगो की सड़कों और मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है और लोग निगम की कार्यशैली से नाराज हैं। अपनी नाकामी छिपाने के लिए अब निगम ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है कि वह सफाई करना चाहता है, लेकिन जनप्रतिनिधि इसमें बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता को गुमराह करने और लोगों को आपस में लड़ाने का प्रयास है।

उन्होंने वसुंधरा एस्टेट के सामने खाली पड़ी जमीन पर कचरा डंप करने के मामले को उठाते हुए कहा कि मानगो नगर निगम लंबे समय से वहां ठोस कचरा गिराता रहा है। इससे आसपास के लोगों, स्वर्णरेखा परियोजना कार्यालय के कर्मचारियों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निगम ने वहां कचरा गिराना बंद कर दिया था, लेकिन कोई वैकल्पिक स्थान चिह्नित नहीं किया।

सरयू राय ने बताया कि गुरुवार को छठ पर्व नजदीक आते ही निगम के अधिकारी कचरे से भरी करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों और भारी पुलिस बल के साथ दोबारा वसुंधरा एस्टेट पहुंच गए। वहां कचरा गिराने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अधिकारियों को पीछे हटना पड़ा।

विधायक ने आरोप लगाया कि निगम अपनी सफाई व्यवस्था की विफलता का दोष स्थानीय लोगों पर मढ़ना चाहता है। इसके जरिए जनता के बीच विभाजन पैदा करने और जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

**कचरा डंप करने से पहले पर्यावरणीय क्लीयरेंस जरूरी**

सरयू राय ने कहा कि ठोस कचरे के निस्तारण के लिए निर्धारित नियम और कानून हैं। किसी भी स्थान पर कचरा डंप करने से पहले संबंधित प्रक्रिया का पालन करना और आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त करना जरूरी है। उन्होंने मानगो नगर निगम की मेयर और अपर नगर आयुक्त से सवाल किया कि वसुंधरा एस्टेट के पास जिस जमीन पर कचरा डंप करने की तैयारी है, क्या उसके लिए पर्यावरणीय क्लीयरेंस ली गई है? यदि नहीं, तो वहां कचरा गिराना नियमों के विपरीत हो सकता है और इस मामले में एनजीटी में शिकायत भी की जा सकती है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि निगम को नियम-कानून की परवाह नहीं है तो वसुंधरा एस्टेट ही क्यों, निगम अपने कार्यालय के सामने स्थित गांधी मैदान में ही कचरा डंप करना शुरू कर दे। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि निगम केवल सात दिनों तक वसुंधरा एस्टेट में कचरा डंप करने की बात कह रहा है, लेकिन सात दिनों के बाद कचरा कहां गिराया जाएगा? निगम को वैकल्पिक स्थान और वहां मिली पर्यावरणीय स्वीकृति की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।

**अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल**

सरयू राय ने मेयर और अपर नगर आयुक्त से यह भी पूछा कि पर्यावरणीय एनओसी प्राप्त करने के लिए किस विभाग से संपर्क किया गया है और क्या इस संबंध में कोई कार्ययोजना तैयार की गई है। यदि किसी विशेषज्ञ या संबंधित विभाग से सलाह ली गई है तो उसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने और जनप्रतिनिधियों को कठघरे में खड़ा करने के बजाय निगम को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

**निगम पर अवैध वसूली का भी लगाया आरोप**

सरयू राय ने मानगो नगर निगम पर कथित अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निगम की ओर से भवन मालिकों को ऐसे नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनके आधार पर लोग डरकर पैसे जमा करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को तीन लोग उनके पास पहुंचे थे। इनमें भवन मालिकों ने शिकायत की कि उन्होंने अपनी इमारत का एक हिस्सा दुकान चलाने के लिए किराये पर दिया है, जिसके बाद निगम ने उन्हें रिहायशी इलाके में व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने के आरोप में नोटिस भेज दिया।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम ने कभी ऐसी अधिसूचना जारी की है, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया गया हो कि कौन-सा इलाका रिहायशी है, कौन-सा व्यावसायिक और कौन-सा औद्योगिक क्षेत्र है? जब ऐसी व्यवस्था स्पष्ट नहीं है तो भवन मालिकों को किस आधार पर नोटिस भेजे जा रहे हैं?

सरयू राय ने कहा कि एक ओर मानगो में सफाई व्यवस्था बदहाल है, वहीं दूसरी ओर निगम के अधिकारी अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता और जनप्रतिनिधियों को आमने-सामने खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कथित मनमानी, चालाकी और अवैध वसूली के तौर-तरीकों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नोट: अवैध वसूली और नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोप विधायक सरयू राय के बयान पर आधारित हैं।

Comments

और नया पुराने