बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया का कहर, चार वर्षीय मासूम की मौत; एक दर्जन से अधिक ग्रामीण बीमार



दो बच्चों की हालत गंभीर, एक साल में सात सबर बच्चों की मौत का दावा; स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर उठे सवाल

जमशेदपुर: बोड़ाम प्रखंड के कोयरा गांव स्थित बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से गांव के लोग बुखार और मलेरिया की चपेट में हैं। इसी बीच शुक्रवार देर रात मलेरिया से पीड़ित चार वर्षीय मासूम संजीव सबर की मौत हो गई। एक बच्चे की मौत के बाद पूरे टोला में भय और चिंता का माहौल है। वहीं, एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना है।

परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र सबर का चार वर्षीय पुत्र संजीव कई दिनों से मलेरिया से पीड़ित था। उसका इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां कराया जा रहा था। संजीव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। चिंता की बात यह है कि उसके अन्य भाइयों को भी बुखार है। इसके अलावा टोला के दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद रविवार दोपहर करीब तीन बजे पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह ने एंबुलेंस भेजकर गंभीर रूप से बीमार दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, मृतक के पिता सुरेंद्र सबर के अनुसार, शनिवार को गांव में एमपीडब्ल्यू पहुंचे थे। उन्होंने मरीजों की जांच की और बीमार ग्रामीणों को दवाइयां उपलब्ध कराई थीं।

एक साल में सात सबर बच्चों की मौत का दावा

कोयरा गांव निवासी रामकृष्ण महतो ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान मलेरिया के कारण सबर समुदाय के सात बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद ग्रामीणों को समय पर बेहतर सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि सबर समुदाय के अधिकांश परिवार बेहद गरीब हैं। आर्थिक तंगी के कारण वे अपने स्तर से मरीजों को अस्पताल तक नहीं पहुंचा पाते और निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च उठाना भी उनके लिए मुश्किल है।

एमजीएम जाने से परिजनों ने किया इनकार

इस संबंध में पटमदा सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस भेजी गई थी, ताकि गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जा सके। हालांकि, एंबुलेंस पहुंचने के बावजूद परिजनों ने बच्चों को एमजीएम अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया से एक मासूम की मौत और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जरूरत है कि स्वास्थ्य विभाग तत्काल विशेष मेडिकल कैंप लगाए, पूरे टोला के लोगों की मलेरिया जांच कराए और संक्रमित मरीजों को समय पर दवाइयां एवं समुचित इलाज उपलब्ध कराए। साथ ही प्रभावित परिवारों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि इलाज के अभाव में किसी और मासूम की जान न जाए।

Comments

और नया पुराने