कोडरमा: चंदवारा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का कोडरमा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी और उनके भतीजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सबसे बड़ी सफलता यह रही कि चोरी गए सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, डिक्की खोलने वाली टी-आकार की मास्टर की, चोरी किया गया बैग और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चंदवारा निवासी अशोक सोनी उरवां पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर उसमें रखा आभूषणों से भरा बैग चुरा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं।
इसके बाद कोडरमा पुलिस ने ओडिशा के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर गिरोह की महिला सदस्य को कोडरमा रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजु दास (35), उसकी पत्नी ट्वींकल दास (32) और भतीजा धनराज प्रधान (21) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह कई राज्यों में डिक्की तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 जोड़ी पायल, सात चेन, 11 बिछिया, 13 अंगूठियां, बच्चों के चार कंगन, कई लॉकेट, ताबीज, नथिया, नाक के आभूषण, ज्वेलरी मापक यंत्र, दो मोबाइल फोन, चोरी किया गया बैग, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा डिक्की खोलने में इस्तेमाल होने वाली टी-आकार की मास्टर की बरामद की है।
कोडरमा पुलिस के अनुसार, इस मामले में चोरी गए 100 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विभिन्न राज्यों में फैले इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Tags
रांची / कोडरमा
Comments