मानगो के केनरा बैंक से गोल्ड लोन का 1.10 करोड़ रुपये का सोना कथित रूप से गायब, पूर्व शाखा प्रबंधक समेत 6 नामजद, FIR दर्ज


जमशेदपुर: शहर के मानगो स्थित जाकिर नगर में केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखा गया करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य का सोना कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आने के बाद बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड और लॉकर में रखे गए सोने का मिलान किया गया। इस दौरान कई सोने के पैकेट कथित रूप से गायब पाए गए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल आंतरिक जांच शुरू करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कथित गड़बड़ी 12 जून से 18 जून के बीच हुई।मामले में तत्कालीन शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी उक्त शाखा में पदस्थापित नहीं है।आजादनगर थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करोड़ों रुपये मूल्य का सोना आखिर किन परिस्थितियों में लॉकर से कथित रूप से गायब हुआ, इसके पीछे किसकी भूमिका रही और क्या यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। वहीं, बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर विस्तृत आंतरिक जांच कर रहा है।महत्वपूर्ण नोट:यह समाचार बैंक प्रबंधन द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (एफआईआर) पर आधारित है। प्राथमिकी में नामजद सभी व्यक्तियों के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी सिद्ध नहीं हुए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Comments

और नया पुराने