नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला पदस्थापन पत्र, उन्मुखीकरण कार्यक्रम में उपायुक्त ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ


जमशेदपुर: नव नियुक्त सहायक आचार्यों को मिला पदस्थापन पत्र, उन्मुखीकरण कार्यक्रम में उपायुक्त ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने नव नियुक्त शिक्षकों को पदस्थापन पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी सहायक आचार्य कठिन परिश्रम और संघर्ष के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए सभी शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने वाले शिक्षकों को समाज में हमेशा सम्मान मिलता है।

वहीं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि आज से नव नियुक्त शिक्षकों की पेशेवर यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने सभी से शहरी या ग्रामीण, जहां भी पदस्थापना मिले, पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को शिक्षकों से काफी अपेक्षाएं हैं और प्रशासन भी हर परिस्थिति में सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त सहायक आचार्यों को विभागीय कार्यप्रणाली, विद्यालय प्रबंधन, शैक्षणिक दायित्वों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

अंत में राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने