बारीडीह विजया गार्डन में 10वीं मंजिल से गिरकर पूर्व टाटा स्टील अधिकारी की मौत


जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार सुबह 62 वर्षीय संदीप पाल की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान थे। करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे।

 बताया गया कि मुंबई में बेटी की पढ़ाई और उसके रहन-सहन को लेकर वह काफी चिंतित थे।संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व चीफ रह चुके थे। 

उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। 

पुलिस घटना के कारणों को लेकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

और नया पुराने