जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने सोमवार को बिरसानगर थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक थाना पहुंचे एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और पुलिस पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, बीट ऑफिसर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
एसएसपी ने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। इसके अलावा थाना अभिलेखों की स्थिति और बीट ऑफिसरों द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, हाजत और सिरिस्ता का जायजा लेते हुए साफ-सफाई एवं रख-रखाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने थाना परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ रखने के साथ-साथ अभिलेखों के बेहतर संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगामी गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा और करमा पूजा को देखते हुए एसएसपी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराध पर नियंत्रण के लिए अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
एसएसपी ने आम लोगों की शिकायतों के समाधान को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना पहुंचने वाले आगंतुकों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आम जनता के साथ समन्वय बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
Tags
जमशेदपुर
Comments