झाड़ग्राम में बिजली के लटकते तारों ने ली 3 हाथियों की जान, दो मासूम शावक भी शामिल


झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के सलबोनी थाना क्षेत्र के पीड़ाकाटा गांव में करंट लगने से तीन हाथियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृत हाथियों में दो मासूम शावक और एक वयस्क हाथीनी शामिल है। 

घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, गांव के पास बिजली के तार काफी कम ऊंचाई पर लटक रहे थे। देर रात या तड़के हाथियों का झुंड वहां से गुजर रहा था।

 इसी दौरान हाथी बिजली के लाइव तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से तीनों हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई।सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास हाथियों के शव देखे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए आरोप लगाया कि इलाके में बिजली के लटकते तारों को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते उन्हें ठीक नहीं किया गया।

घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृत हाथियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। हादसे में दो शावकों की मौत ने स्थानीय लोगों को विशेष रूप से झकझोर दिया है।

Comments

और नया पुराने