बढ़ते अपराध के बीच बिष्टुपुर में पुलिस की रात्रि गश्ती तेज, गली-मोहल्लों तक पहुंचा पुलिस बल


जमशेदपुर। शहर में बढ़ते अपराध को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रात्रि गश्ती और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात विभिन्न इलाकों में गश्ती की।

पुलिस बल ने मुख्य सड़कों के साथ-साथ गली-मोहल्लों और संवेदनशील स्थानों पर भी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात के समय आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से गश्ती बढ़ाई गई है। विशेष रूप से सुनसान इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है।

थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने पुलिसकर्मियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात तक क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था सक्रिय रही।

जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

Comments

और नया पुराने