जमशेदपुर। शहर में हाल के दिनों में सामने आई बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने चिंता जताई है। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती, मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के समीप फायरिंग तथा बैंक डकैती के बाद गोलमुरी बाजार में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का उल्लेख करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही शहर में चोरी और छिनतई की बढ़ती घटनाओं पर भी पुलिस का ध्यान आकृष्ट कराया।
भाजपा नेताओं ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल छोटे स्तर के आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय पूरे नेटवर्क, आपूर्ति तंत्र और प्रमुख संचालकों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। महिलाओं से चेन और पर्स छिनतई, मोबाइल छिनतई तथा घरों और क्वार्टरों में चोरी की घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी शहर की प्राथमिकता है। हाल की घटनाओं से आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्रों में पुलिस कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान संयमित और संवेदनशील रवैया अपनाने का आग्रह किया।
यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी कई सुझाव दिए। आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर को व्यवस्थित करने, सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई करने तथा नो-एंट्री के बावजूद तेज गति से चलने वाले बड़े वाहनों पर नियंत्रण की मांग की गई।
इसके अलावा प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों की समीक्षा, खराब कैमरों को दुरुस्त करने तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी गई। व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
भाजपा की प्रमुख मांगें
प्रतिनिधिमंडल ने केनरा बैंक डकैती, बिंदल मॉल फायरिंग समेत अन्य गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई, मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर और जुगसलाई जैसे क्षेत्रों में शाम से देर रात तक पुलिस गश्ती बढ़ाने, नशे और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई तथा नागरिकों एवं व्यापारियों के लिए त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल की बातों और सुझावों को सुना तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
इस दौरान गुंजन यादव, बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचीराम बाउरी, रीना चौधरी, तन्मय झा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, बिनोद सिंह, नीतीश कुशवाहा, सागर राय, अमित सिंह, किशोर ओझा, राकेश दुबे समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments