एमजीएम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन जुआ-सट्टा गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार



एमजीएम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन जुआ-सट्टा गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण, अड्डाबाजी, असामाजिक तत्वों की निगरानी तथा जुआ और लॉटरी पर अंकुश लगाने के लिए एमजीएम थाना पुलिस ने रविवार देर रात कार्रवाई की। पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-33 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार से ऑनलाइन जुआ खेलते तीन युवकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान टीम ने अर्टिगा कार के अंदर बॉडी लाइट की रोशनी में तीन युवकों को ऑनलाइन लिंक के माध्यम से जुआ खेलते और उसका स्कोर कॉपी में लिखते देखा। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन आईडी-पासवर्ड के जरिए जुआ खेलने तथा संगठित तरीके से ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित करने की जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो (27), कृष्णा कर्मकार (26) और रोहित कुमार गुप्ता उर्फ बिट्टू उर्फ सेठबाज (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 1,18,490 रुपये नकद, दो आईफोन समेत चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट और जुआ का हिसाब लिखा हुआ एक कॉपी बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने तथा खिलाने वाले गिरोह के सरगना और अन्य सदस्यों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। साथ ही बैंक और यूपीआई लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी बरामद हुए हैं, जिनसे कथित लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नकद राशि में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा JH05EG 6135 नंबर की अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।

इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), 3(5), 112(2) तथा 13 पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार गुप्ता उर्फ सेठबाज के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें ओलीडीह, घाटशिला, एमजीएम और नामकुम थाना से जुड़े मामले शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक अमर प्रताप सिंह, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन तथा एमजीएम थाना रिजर्व गार्ड के हवलदार एवं जवान शामिल थे।

Comments

और नया पुराने