केंद्र सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली बड़ी उपलब्धि, वर्षों की मेहनत और नागरिकों की सहभागिता को मिला सम्मान
जमशेदपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर ने एक बार फिर झारखंड का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ जमशेदपुर राज्य का नंबर वन स्वच्छ शहर बनकर उभरा है।
यह उपलब्धि शहर में पिछले कई वर्षों से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन करने और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम किया गया है।
शहर में घर-घर से कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, नियमित सड़क सफाई, नालों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और ठोस कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए जीपीएस आधारित कचरा संग्रहण वाहन, क्यूआर कोड मॉनिटरिंग और जीआईएस आधारित सेवा निगरानी जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), कंपोस्टिंग और बायोमेथेनेशन संयंत्रों के विकास के साथ पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
जमशेदपुर को मिली इस उपलब्धि को शहर की स्वच्छता व्यवस्था में जुटे सफाई कर्मचारियों, संबंधित संस्थाओं, प्रशासन और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान माना जा रहा है। इस सफलता से शहर की पहचान स्वच्छता के क्षेत्र में और मजबूत हुई है।
Tags
जमशेदपुर
Comments