जमशेदपुर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप), जमशेदपुर महानगर की जिला इकाई की ओर से साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर विहिप के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के दौरान आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और धार्मिक पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था।
विहिप के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि संगठन की ओर से पूरे झारखंड में 15 नवंबर से 22 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत शहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ता भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों और संघर्षों को याद करेंगे।
इस दौरान विहिप के पदाधिकारियों ने आदिवासी समाज में कथित धर्मांतरण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि संगठन इस विषय पर पूरे झारखंड में अपनी लड़ाई जारी रखेगा। साथ ही धर्मांतरित लोगों की घर वापसी के लिए भी अभियान चलाने की बात कही।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह, जिला मंत्री चंद्रिका भगत, उपाध्यक्ष गोपीराव, सहमंत्री भोला लोहार, सामाजिक समरसता प्रमुख दिलीप श्रीवास्तव, हिंदू पीठ के दिलजय बोस सहित संगठन के कई कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Tags
जमशेदपुर
Comments