आदित्यपुर में पूजा पंडाल के पास गोली मारकर युवक की हत्या, जुआ खेलने के दौरान विवाद की आशंका; विशाल सिंह पर गोली चलाने का आरोप

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के समीप सोमवार देर शाम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल के आसपास जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गोली चल गई, जो सोनू कुमार को लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर ताश की गड्डियां भी बिखरी मिली हैं। ऐसे में पुलिस जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

विशाल सिंह पर गोली मारने का आरोप

इस हत्याकांड में प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद से आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई को भी घटना के संबंध में जानकारी है और उससे पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सोनू कुमार की हत्या के बाद सतबोहनी जुलुमटांड़ और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।

Comments

और नया पुराने