जमशेदपुर: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जमशेदपुर द्वारा बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित डीमना लेक छठ घाट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने घाट पर डेंजर जोन के चिह्नीकरण, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई सहित सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। पर्व के दौरान घाट पर विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ को नियंत्रित रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया।
वहीं, ग्रामीण एसपी ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। खासकर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचने तथा चिह्नित डेंजर जोन से दूर रहने की सलाह दी गई।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें और पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
Tags
जमशेदपुर
Comments