रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज कोकर, रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल भारतीय इतिहास के महानायक ही नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनके संघर्ष, त्याग और अपने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को सदियों तक याद किया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हैं, तब जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प और मजबूत होता है। इन्हीं प्राकृतिक संसाधनों और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनके सपनों का झारखंड बनाना और उनके संघर्षों के मूल्यों को जीवित रखना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कर्मों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया।
Tags
झारखंड / रांची
Comments