जमशेदपुर: टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के न्यूरोसर्जरी विभाग की ओर से "एंडोवैस्कुलर मैनेजमेंट ऑफ न्यूरोवैस्कुलर पैथोलॉजीज: ए प्रैक्टिकल एप्रोच" विषय पर कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम एवं हैंड्स-ऑन वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं से जुड़े 70 से अधिक डॉक्टरों ने भाग लेकर न्यूनतम चीरा (मिनिमली इनवेसिव) तकनीकों के माध्यम से जटिल न्यूरोवैस्कुलर रोगों के आधुनिक उपचार पर जानकारी हासिल की।कार्यक्रम का उद्घाटन टीएमएच की जनरल मैनेजर मेडिकल सर्विसेज डॉ. विनीता सिंह ने किया। इस अवसर पर चीफ ऑफ मेडिकल इंडोर सर्विसेज डॉ. अशोक सुंदर, चीफ ऑफ मेडिकल सपोर्ट सर्विसेज डॉ. ममता रथ दत्ता, न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. जीवेश मलिक समेत विभिन्न विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नई दिल्ली के प्रसिद्ध न्यूरो-इंटरवेंशन विशेषज्ञ डॉ. पीयूष तोमर रहे। उन्होंने व्याख्यान और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को एंडोवैस्कुलर तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने मस्तिष्क की रक्तवाहिकाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों जैसे इंट्राक्रेनियल एन्यूरिज्म, एक्यूट इस्केमिक स्ट्रोक, आर्टेरियोवेनस मालफॉर्मेशन (एवीएम) तथा ड्यूरल एवं स्पाइनल आर्टेरियोवेनस फिस्टुला (एवीएफ) के उपचार में एंडोवैस्कुलर तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने कहा कि ऐसे रोगों में समय पर पहचान, शीघ्र रेफरल, विभिन्न विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित उपचार से मरीजों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।
हैंड्स-ऑन वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को एंडोवैस्कुलर उपकरणों, कैथेटर और गाइडवायर के उपयोग, प्रक्रिया की योजना बनाने तथा सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण का व्यावहारिक अनुभव कराया गया।
इससे डॉक्टरों को आधुनिक न्यूरो-इंटरवेंशनल तकनीकों की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिला।कार्यक्रम में 70 से अधिक डॉक्टरों ने सीएमई में भाग लिया, जबकि 40 डॉक्टरों ने हैंड्स-ऑन वर्कशॉप में विशेषज्ञों से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
टीएमएच प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से अस्पताल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने, विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को मजबूत करने तथा भविष्य में उन्नत एंडोवैस्कुलर न्यूरो-इंटरवेंशनल सेवाएं शुरू करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
Tags
जमशेदपुर
Comments