जमशेदपुर ईएसआईसी में कथित रिश्वतखोरी का मामला, शाखा प्रबंधक समेत तीन अधिकारियों पर गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग


जमशेदपुर: जमशेदपुर से कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। वी. एंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर अलख राय ने ईएसआईसी के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सचित कुमार, सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर रवि शंकर और निदेशक शशि शेखर का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ईएसआईसी पंजीकरण और निरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान उनसे ₹12,000 की कथित अवैध राशि की मांग की गई। उनका आरोप है कि निरीक्षण और कार्रवाई का भय दिखाकर उन्हें पैसे देने के लिए मजबूर किया गया।अलख राय का यह भी दावा है कि इस दौरान निदेशक शशि शेखर के नाम का हवाला देते हुए कथित रूप से पैसे मांगे गए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें शशि शेखर के साथ एक फोटो भी दिखाई गई और कहा गया कि कथित रूप से इस राशि का हिस्सा उन्हें भी जाता है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर इस तरह की वसूली की जाती रही है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस और संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा कथित रूप से ली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया भी अभी सामने नहीं आई है। मामले की सच्चाई जांच पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Comments

और नया पुराने