आदित्यपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाश CCTV में कैद


आदित्यपुर:सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला बाइक सवार चेन स्नैचरों का शिकार बन गई। घटना टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर नायक होटल के समीप हुई, जहां दो अज्ञात बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपराधी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर आए और महिला के पास पहुंचते ही झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

 पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों के भागने के संभावित रूट का पता लगाने में जुटी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Comments

और नया पुराने