टाटा मोटर्स कर्मचारियों को 14% बोनस, 151 एफटीए की नई बहाली पर बनी सहमति
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हो गया। लंबी वार्ता के बाद कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 85,176 रुपये और औसतन 52,637 रुपये बोनस मिलेगा।
बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्रबंधन ने प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (एफटीए) की नई बहाली पर सहमति जताई है। इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का टोकन गिफ्ट भी दिया जाएगा।
समझौते की घोषणा के बाद कंपनी गेट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों और यूनियन समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कर्मचारियों ने जमकर जश्न मनाया।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये थी। इसके अलावा करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस तथा 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि दी गई थी।
इस वर्ष बोनस प्रतिशत बढ़कर 14 होने के साथ अधिकतम और औसत बोनस राशि में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 151 एफटीए की नई बहाली पर बनी सहमति से प्लांट में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
बोनस समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान प्लांट हेड अनुराग छारिया, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आर.के. सिंह समेत प्रबंधन और यूनियन के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Tags
जमशेदपुर
Comments