जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फायरिंग की कथित साजिश में शामिल चार लोगों को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी दो वाहनों से जमशेदपुर से फरार हुए थे। पुलिस को उनके छत्तीसगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों के आधार पर रायपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर चारों को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को भी जब्त किया गया है।
जांच में चारों की भूमिका फायरिंग की कथित साजिश में सामने आई है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट में पहुंचकर सीधे गोली चलाने वाले शूटर इन चारों में शामिल नहीं हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शूटरों को किसने भेजा, हथियार की व्यवस्था कैसे हुई और घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक से पहुंचे हमलावरों ने उडुपी रेस्टोरेंट में फायरिंग की थी। घटना में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने करीब 11 राउंड फायरिंग की थी।
पुलिस घटना के पीछे जमीन कारोबार, रेलवे ठेकेदारी और पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अब सीधे फायरिंग करने वाले शूटरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
Tags
जमशेदपुर / रायपुर
Comments