अपराधियों पर सख्ती हो, निर्दोष नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार न हो : आनंद बिहारी दूबे

अपराधियों पर सख्ती हो, निर्दोष नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार न हो : आनंद बिहारी दूबे

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शहर की विधि-व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं, अवैध लॉटरी-सट्टेबाजी, जुआ और नशे के कारोबार को लेकर मांग पत्र सौंपा।

मुलाकात के दौरान आनंद बिहारी दूबे ने कहा कि अपराधियों और अवैध कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करे। साथ ही कार्रवाई के दौरान निर्दोष नागरिकों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार या अनावश्यक बल प्रयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास प्रभावित होता है। आम नागरिकों को पुलिस देखकर सुरक्षित महसूस होना चाहिए, भयभीत नहीं।

प्रतिनिधिमंडल ने अपराध प्रभावित इलाकों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने, तेज रफ्तार तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुआ और नशे के कारोबार से जुड़ी शिकायतों की गोपनीय जांच के लिए विशेष टीम गठित करने का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने हाल में आम नागरिकों के साथ कथित अनावश्यक बल प्रयोग की शिकायतों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग भी की। आनंद बिहारी दूबे ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग भी जरूरी है। दोनों मोर्चों पर पुलिस प्रशासन को ठोस पहल करनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक से सौंपे गए मांग पत्र पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

इस दौरान युवा कांग्रेस के सन्नी सिंह, निखिल तिवारी, एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह जस्सी, गुरदीप सिंह कक्के, सुशील घोष, बंटी सिंह, सूरज सिंह, गौरव कुमार, हरिहर प्रसाद और शत्रुघ्न सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

और नया पुराने