सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने नकली सिक्के बनाने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 रुपये के 6,400 नकली सिक्के, नकली सिक्के बनाने वाली मशीनें, डाई, अधबने सिक्के, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद 6,400 नकली सिक्कों की कीमत करीब 1.28 लाख रुपये है। जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा था और अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के बाजार में खपाए जाने की बात सामने आई है। गिरोह हर दिन करीब 10 से 12 हजार नकली सिक्के तैयार करने की क्षमता रखता था।
हरियाणा से कई राज्यों में होती थी सप्लाईपुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह का निर्माण प्लांट हरियाणा के सोनीपत में था। वहां तैयार किए गए नकली सिक्कों को अलग-अलग माध्यमों से कई राज्यों के बाजारों में पहुंचाया जाता था। आरोपी नकली सिक्कों को बाजार, शराब के ठेकों और टोल प्लाजा पर खपाते थे।
मशीन, डाई और अधबने सिक्के बरामदपुलिस ने आरोपियों के पास से छह मशीनें, लोहे की डाई, बिना मुहर की 39 डाई, मुहर लगी 20 डाई, डाई पॉलिश मशीन, घिसाई के पत्थर, दो कार, आठ मोबाइल फोन, हिसाब-किताब के रजिस्टर और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये मूल्य के अधबने सिक्के भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह, हिमांशु उर्फ गुल्लू, कुलदीप, संतोष चौरसिया उर्फ जनार्धन और अनुराग पाल उर्फ लंकेश शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अलग-अलग राज्यों में फैले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नकली सिक्कों के अंतरराज्यीय नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Tags
उत्तरप्रदेश
Comments