जंगल में संयुक्त सर्च अभियान में बड़ी बरामदगी, इंसास व AKM राइफल समेत 232 गोलियां जब्त


जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के जंगल और पहाड़ी इलाकों में पुलिस, CoBRA, STF एवं झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने बुधवार को व्यापक सर्च अभियान चलाकर हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया।

 वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर MGM थाना क्षेत्र के छोटा बांकी एवं कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक अभियान चलाया गया।पुलिस के अनुसार, यह अभियान भाकपा माओवादी से संबंधित मंगल महतो एवं मालती मुर्मू की निशानदेही पर संचालित किया गया। 

अभियान के दौरान दुर्गम जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध और चिन्हित स्थानों की गहन तलाशी ली गई। इसी क्रम में सुरक्षा बलों को छिपाकर रखे गए हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद हुए।कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोली, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई। वहीं चाकुलिया के जोभी जंगल से एक AKM राइफल, 147 चक्र गोली और दो मैगजीन बरामद हुईं।

इस तरह संयुक्त अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोली, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई है। बरामद हथियार एवं गोला-बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।अभियान में DSP पटमदा दयानंद कुमार, MGM थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित MGM थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

 इसके अलावा CoBRA-209 और CoBRA-203 की टीमें, झारखंड जगुआर की Assault Group-27 तथा STF कोलकाता की टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया।पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री और अभियान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा बलों की निगरानी और सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments

और नया पुराने