सड़क हादसे में जमशेदपुर के युवक की मौत, परिवार ने मुआवजा और एफआईआर की प्रति दिलाने की लगाई गुहार


जमशेदपुर/चम्पुआ। ओडिशा के मयूरभंज जिले के चम्पुआ थाना क्षेत्र में 20 सितंबर 2026 को हुए सड़क हादसे में जमशेदपुर के बर्मामाइंस निवासी संजय कुमार शर्मा की मौत हो गई। 

हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का कहना है कि संजय ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। 

अब उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के भरण-पोषण और भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है।परिजनों के अनुसार, संजय शर्मा ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक निजी प्रतिष्ठान में काम करते थे।

 20 सितंबर को वह मोटरसाइकिल से जमशेदपुर से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान चम्पुआ थाना क्षेत्र में कथित तौर पर सामने से गलत दिशा में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद संजय असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए और सामने से आ रहे एक भारी वाहन (ट्रेलर) की चपेट में आ गए। 

हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दिव्य रंजन पात्र और चंदन महंत भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनका चम्पुआ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिवार में कमाने वाले अकेले थे संजयसंजय की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों के मुताबिक, संजय ही घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा करीब तीन वर्ष का एक बेटा और डेढ़ वर्ष का एक छोटा बच्चा है। 

पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों के सामने जीवन-यापन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी चिंता खड़ी हो गई है।परिजनों का कहना है कि अचानक हुए हादसे ने परिवार की पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अब उनकी मां पर आ गई है और परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता की जरूरत है।

एफआईआर की प्रति नहीं मिलने का आरोप,परिवार ने चम्पुआ थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी अपनी परेशानी सामने रखी है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

काफी आग्रह के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन अभी तक उन्हें एफआईआर की पावती अथवा प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है।परिजनों ने प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें प्राथमिकी की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सकें।

मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की मांग परिवार ने जमशेदपुर और मयूरभंज प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सरकारी नियमों के तहत हादसे में मिलने वाली तत्काल आर्थिक सहायता या मुआवजा यदि लागू हो, तो उसे जल्द उपलब्ध कराया जाए।

इसके साथ ही जिस निजी प्रतिष्ठान में संजय काम करते थे, वहां से मिलने वाले बीमा अथवा अन्य वैधानिक लाभ की राशि भी परिवार तक पहुंचाने में प्रशासन मदद करे। परिवार का कहना है कि इस आर्थिक सहायता से दोनों छोटे बच्चों की पढ़ाई और विधवा पत्नी के भरण-पोषण में मदद मिल सकेगी।

परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने, एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने और नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता तथा बीमा संबंधी लाभ दिलाने की गुहार लगाई है।

Comments

और नया पुराने