जमशेदपुर: आंध्र प्रदेश के श्री सिटी के समीप चिन्नापांडुर गांव स्थित अपोलो टायर्स लिमिटेड के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीट का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से 20 से अधिक विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
श्रीनाथ यूनिवर्सिटी को भी इस मेगा मीट में आमंत्रित किया गया था।श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की ओर से ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट के सीनियर डायरेक्टर ए.के. शाही ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों और मांग को समझकर विश्वविद्यालय एवं कॉलेज छात्रों को रोजगार के लिए अधिक प्रभावी ढंग से तैयार कर सकते हैं।
इससे विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा और कंपनियों को भी योग्य एवं प्रशिक्षित प्रतिभाएं उपलब्ध हो सकेंगी।कार्यक्रम में ग्रुप एचआर मैनेजर कंडाती मधु ने अतिथियों का स्वागत किया और उद्योग जगत में आवश्यक कौशल एवं योग्यताओं की जानकारी साझा की।
वहीं, अपोलो ग्रुप के प्लांट एचआर दीपांकर घोष ने कंपनी की भविष्य की योजनाओं, मैनपावर की आवश्यकताओं तथा कर्मचारियों से अपेक्षित कौशल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अपोलो टायर्स प्रबंधन ने भविष्य में इस तरह के इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीट का आयोजन प्रत्येक वर्ष करने की इच्छा जताई। प्रबंधन के अनुसार, इसका उद्देश्य शिक्षण संस्थानों को उद्योग जगत में हो रहे बदलावों और नई आवश्यकताओं से अवगत कराना तथा छात्रों को रोजगार के लिए जरूरी तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल से लैस करना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपोलो टायर्स के आधुनिक तकनीक से लैस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा भी किया। प्रतिनिधियों ने उत्पादन प्रक्रिया, तकनीकी सुविधाओं, आधुनिक मशीनरी और उनके संचालन की कार्यप्रणाली को करीब से देखा।
इस अवसर पर मैन्युफैक्चरिंग प्रमुख राजेंद्र रेड्डी और यूनिट हेड आनंद शंकर ने भी प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया, तकनीकी कार्यप्रणाली और वर्तमान उद्योग जगत की आवश्यकताओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
वक्ताओं ने कहा कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत साझेदारी से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं रोजगारपरक कौशल हासिल करने में मदद मिल सकती है, जो देश के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने में उपयोगी साबित होगा।
Tags
जमशेदपुर
Comments