जमशेदपुर। गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस वारदात में हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर नकदी और सोना लूट लिया।
विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार करीब 42 लाख रुपये नकद लूटे जाने की बात सामने आई है।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों द्वारा डकैती किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि गोलमुरी की घटना पुलिस-प्रशासन के लिए सीधी चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
विधायक ने सवाल उठाया कि जब दिनदहाड़े शहर के बीच बैंक जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह अपराधियों के निशाने पर आ सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर क्या स्थिति है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की जल्द पहचान कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा लूटी गई नकदी और अन्य सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
पुलिस की ओर से घटना की जांच जारी है और बैंक तथा आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें भी कार्रवाई कर रही हैं।
Tags
जमशेदपुर
Comments