हिंदूपीठ में धूमधाम से संपन्न हुआ तीन दिवसीय गणपति महोत्सव, श्रद्धालुओं ने की भगवान गणपति की विशेष आरती


जमशेदपुर। हिंदूपीठ जमशेदपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गणपति महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणपति की पूजा-अर्चना और विशेष आरती में हिस्सा लिया।

 पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।महोत्सव के पहले दिन सुबह से ही भगवान गणपति की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रत्येक संध्या विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

 पहले दिन आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोग भी शामिल हुए। इनमें बिहार के वरिष्ठ नेता आनंद मोहन सिंह, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, आस्तिक महतो, विजय खां, नटटू झा और शंभू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम विशेष रूप से महिलाओं को समर्पित रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भगवान गणपति की आरती में भाग लिया और पूजा-अर्चना की।

 कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान त्रिपुरा झा, कविता परमार, रश्मि मुंडा, उषा सिंह, मधु चौहान और चंदा सिंह समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।

तीसरे और अंतिम दिन भगवान गणपति की विशेष आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण केंद्र, लघु उद्योग भारती और विद्या भारती से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। 

श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति की आरती कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।तीन दिनों तक चले इस आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सहभागिता भी देखने को मिली। 

अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। आयोजकों के अनुसार, गणपति महोत्सव के माध्यम से समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया।

महोत्सव के सफल आयोजन में हिंदूपीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह, महासचिव दिलजय बोस, सुरक्षा प्रमुख सोमनाथ सिंह, ज्योत्सना सरकार और अंकिता श्रीवास्तव सहित हिंदूपीठ के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदूपीठ के सदस्यों ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से तीन दिवसीय गणपति महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही तीन दिवसीय गणपति महोत्सव 2026 का विधिवत समापन हुआ।

Comments

और नया पुराने