जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से दो भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम ने पुलिस से शिकायत की थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों के माध्यम से उसकी हत्या कराने की लगातार साजिश रच रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।रेकी कर हमले की बनाई गई थी योजनापुलिस जांच के दौरान कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई कि मो. खुर्शीद के निर्देश पर उसके सहयोगी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी की थी।
आरोप है कि दोनों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लोहे के भारी धारदार हथियार लेकर मो. निजाम पर हमला करने के इरादे से पहुंचे थे। हालांकि, मो. निजाम किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना के संबंध में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया।त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तारमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को हथियारों के संबंध में जानकारी मिली।
इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों में छापेमारी की गई, जहां से दो भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया।अवैध हथियार बरामद होने के बाद जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस अब हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिसगिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैनी लाइन, गौरीशंकर रोड निवासी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा तथा दस्ताना बाड़ी निवासी मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अयान बच्चा के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ से संपर्क तथा हथियारों की बरामदगी से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
जमशेदपुर क्राइम
Comments