साइबर अपराध के लंबित मामलों की एसएसपी ने की समीक्षा, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के दिए निर्देश


जमशेदपुर, 21 सितंबर 2026। पूर्वी सिंहभूम जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से लंबित साइबर अपराध मामलों की समीक्षा की गई।

 सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतशाम वकारिब ने अपने कार्यालय में साइबर अपराध थाना के लंबित कांडों की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान साइबर थाना प्रभारी और संबंधित अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

एसएसपी ने प्रत्येक मामले में साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संकलन तथा साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया।उन्होंने निर्देश दिया कि साइबर ठगी से जुड़े मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
 ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल माध्यमों और अन्य तकनीकी संसाधनों की गहन जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जाए। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ लंबित कांडों का जल्द निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध के मामलों में अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने और तकनीकी साक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ जुटाने को कहा गया, ताकि मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके और पीड़ितों को राहत मिल सके।

पुलिस की आम लोगों से अपीलपूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है। 

समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने और संबंधित डिजिटल लेन-देन की जांच में मदद मिल सकती है।

Comments

और नया पुराने