नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज पश्चिम बंगाल से मिले झारखंड के सैनिक प्रतिनिधि
जमशेदपुर। पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं भारत भारती झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिकों एवं वीर नारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज (पश्चिम बंगाल) एवं आईएनएस नेताजी सुभाष के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर अजय यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में वेटरन सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन एवं दिनेश कुमार सिंह शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कमोडोर अजय यादव का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने संस्था द्वारा पिछले 18 वर्षों से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। संस्था की गतिविधियों और सैनिक कल्याण के प्रति उसके प्रयासों की जानकारी मिलने पर कमोडोर अजय यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कमोडोर अजय यादव ने आश्वस्त किया कि आर्मी, एयरफोर्स अथवा नेवी के किसी भी पूर्व सैनिक, वीर नारी या ऐसे सैनिक परिवार की बेटी, जिनके माता-पिता अब नहीं हैं, यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे उनके संज्ञान में लाया जा सकता है। उन्होंने हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस (नॉर्थ ईस्ट) के ऑफिसर-इन-चार्ज कैप्टन प्रदीप अग्निहोत्री, मास्टर-एट-आर्म्स आशीष प्रताप सिंह एवं लीडिंग सीमैन परवेज अख्तर से भी सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा हुई।
इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर निवासी कमांडर राजकुमार महतो से भी आत्मीय मुलाकात की और उनका सहयोग प्राप्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने NOIC (WB) एवं CO INS नेताजी सुभाष कमोडोर अजय यादव को जमशेदपुर आने का आग्रह भी किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके जमशेदपुर आगमन से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और नागरिक समाज के बीच भारतीय नौसेना के प्रति सम्मान, जुड़ाव एवं गौरव की भावना और मजबूत होगी।
Tags
जमशेदपुर
Comments