सिख फोरम कोलकाता की टीम ने CGPC कार्यालय पहुंचकर गुरमत शिक्षा कैंप का निमंत्रण दिया


जमशेदपुर। सिख फोरम कोलकाता द्वारा प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान अलग-अलग राज्यों एवं स्थानों पर आठ दिवसीय गुरमत शिक्षा कैंप का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 53वां गुरमत शिक्षा कैंप 17 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक बर्नपुर, पश्चिम बंगाल स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित किया जा रहा है।

कैंप के संबंध में जानकारी देने एवं जमशेदपुर की संगत तथा बच्चों को कैंप में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए आमंत्रित करने के उद्देश्य से सिख फोरम कोलकाता की सात सदस्यीय टीम ने सोमवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के कार्यालय पहुंचकर प्रबंधकों को आमंत्रण पत्र सौंपा।

इस अवसर पर गुरशरण सिंह, जसविंदर सिंह, अवतार सिंह, अमनदीप सिंह, रणजीत सिंह, जसबिंदर सिंह, हर्षदीप सिंह सहित सिख फोरम कोलकाता के प्रतिनिधि उपस्थित थे।सिख फोरम के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले वर्ष जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा साहिब में 53वां गुरमत शिक्षा कैंप आयोजित किया गया था, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। 

जहां भी यह कैंप आयोजित होता है, वहां बच्चों के रहने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजकों द्वारा की जाती हैं। कैंप में देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले अनुभवी एवं प्रतिष्ठित प्रचारकों द्वारा बच्चों को गुरमत, सिख इतिहास, सिख सिद्धांत एवं धार्मिक शिक्षा प्रदान की जाती है।सिख फोरम की टीम ने CGPC से भी इस वर्ष बर्नपुर में आयोजित होने वाले कैंप में प्रतिनिधियों सहित पहुंचने का आग्रह किया। 

साथ ही जमशेदपुर के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में कैंप में भेजने का अनुरोध किया।इस संबंध में जसवंत सिंह जस्सू, जमशेदपुर बच्चों के पंजीकरण एवं कैंप में ले जाने की व्यवस्था में सहयोग करेंगे। जिन बच्चों को कैंप में भाग लेना है, वे जसवंत सिंह जस्सू से संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

बैठक के दौरान सिख फोरम कोलकाता के प्रतिनिधियों ने सिख विजडम अकादमी तथा श्री गुरु रामदास जी भलाई केंद्र द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की भी जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने CGPC द्वारा शिक्षा एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जमशेदपुर में सिख समाज के लिए CGPC द्वारा किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं।इस अवसर पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने