जमशेदपुर, 29 सितंबर 2026। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में IIT खड़गपुर के GATE एवं JAM कार्यालय के सहयोग से Zonal Outreach Initiative के तहत GATE 2027 एवं JAM 2027 को लेकर विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के DJLHC 212 में किया गया।कार्यक्रम में IIT खड़गपुर के GATE-JAM 2027 के उपाध्यक्ष प्रो. तरुण कुमार कुंडू, NIT जमशेदपुर की आउटरीच गतिविधियों की प्रभारी प्रो. प्रभा चांद तथा अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. एम. के. सिन्हा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रो. प्रभा चांद ने प्रो. तरुण कुमार कुंडू को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रो. एम. के. सिन्हा को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता प्रो. तरुण कुमार कुंडू ने विद्यार्थियों को GATE परीक्षा की संरचना, महत्व और इसके माध्यम से मिलने वाले विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसरों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में भर्ती के लिए GATE स्कोर की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों के अलावा प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने GATE परीक्षा और उससे जुड़े उच्च शिक्षा एवं करियर अवसरों को लेकर सवाल पूछे। विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।NIT जमशेदपुर छात्र परिषद के उपाध्यक्ष पुष्कर बरनवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
उन्होंने मुख्य वक्ता, संकाय सदस्यों, आयोजकों और विद्यार्थियों के प्रति कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के लिए जलपान के साथ हुआ।
आयोजकों के अनुसार, आउटरीच कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को GATE एवं JAM परीक्षाओं के माध्यम से उपलब्ध उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
Tags
जमशेदपुर
Comments