चाणक्यपुरी कॉलोनी में फंदे से लटका मिला धनबाद के युवक का शव, 10-15 दिन पहले रोजगार की तलाश में आया था जमशेदपुर, जांच में जुटी पुलिस



जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित महतो के रूप में हुई है। वह धनबाद जिले के जामाडोबा का रहने वाला था और करीब 10 से 15 दिन पहले ही रोजगार की तलाश में जमशेदपुर आया था। यहां वह अपने एक रिश्तेदार के घर रह रहा था।

दोस्तों ने देखा फंदे से लटका शव

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम रोहित घर में अकेला था। इसी दौरान उसके कुछ दोस्त उससे मिलने पहुंचे। घर के अंदर रोहित को फंदे से लटका देखकर दोस्त घबरा गए। उन्होंने तत्काल मकान मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कॉलोनी के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

रोजगार की तलाश में कुछ दिन पहले ही जमशेदपुर आए युवक की मौत से उसके परिजनों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

Comments

और नया पुराने