स्वच्छता ही सेवा अभियान में सिंहभूम मंडल डाक विभाग ने चलाया स्वच्छता अभियान, 10 पौधे लगाए


जमशेदपुर। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सिंहभूम मंडल डाक विभाग की ओर से बुधवार को मंडलीय कार्यालय परिसर में श्रमदान, स्वच्छता शपथ, वृक्षारोपण और सफाई मित्रों के सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। 

इसके बाद “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम के तहत कर्मचारियों ने श्रमदान कर कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की।वहीं, “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत मंडलीय कार्यालय परिसर में 10 पौधे लगाए गए। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में “सफाई मित्र: सुरक्षा एवं सम्मान शिविर” भी आयोजित किया गया। कार्यालय परिसर में नियमित रूप से सफाई कार्य करने वाले चार सफाई मित्रों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया और उपहार प्रदान किए गए। अधिकारियों ने सफाई मित्रों के परिश्रम और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ परिसर बनाए रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ डाक अधीक्षक सिंहभूम मंडल उदयभान सिंह, उप डाक अधीक्षक गुड़िया कुमारी, डाक निरीक्षक (जन शिकायत) सुचित रंजन समेत मंडलीय कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

Comments

और नया पुराने