महानवमी पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सपरिवार किया 501 कन्याओं का पूजन

शीतला माता मंदिर में कन्याओं के पांव पखारकर की देवी शक्ति की आराधना, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश

जमशेदपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महानवमी के दिन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर में सपरिवार विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 501 कन्याओं का पूजन कर देवी शक्ति की आराधना की और उनका आशीर्वाद लिया।

पूजा-अर्चना के दौरान रघुवर दास के साथ उनकी धर्मपत्नी रुक्मणि देवी, सुपुत्र ललित दास, पुत्रवधू एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंदिर परिसर में हवन के बाद मां दुर्गा की आरती की गई। इसके उपरांत नौ देवी स्वरूपों की प्रतीक कन्याओं के पांव पखारे गए, उन्हें श्रृंगार सामग्री और चुनरी अर्पित की गई तथा आरती उतारकर विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान भैरव बाबा की भी पूजा-अर्चना की गई।

कन्या पूजन के पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने हाथों से 501 कन्याओं को हलवा, पूरी-सब्जी, खीर, चटनी और मिठाई सहित प्रसाद स्वरूप भोजन परोसा। इसके बाद कन्याओं को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नारीशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का दिया संदेश

इस अवसर पर रघुवर दास ने कन्या पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऋषि-मुनियों द्वारा शुरू की गई यह प्राचीन परंपरा नारीशक्ति के सम्मान का संदेश देती है। दुर्गापूजा का मूल भाव ही नारीशक्ति की आराधना है। नवरात्र के दौरान शक्ति की उपासना करने के साथ समाज को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नौ दिनों तक मां दुर्गा की उपासना कर शक्ति और ऊर्जा का संचय किया जाता है, उसी प्रकार इस शक्ति का उपयोग समाज कल्याण, नारी सुरक्षा तथा सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में किया जाना चाहिए। दुर्गापूजा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज अपनी शक्ति का उपयोग महिलाओं के उत्थान और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए करेगा।

रघुवर दास ने कहा कि मां शीतला के प्रति उनकी गहरी आस्था रही है और वे प्रारंभ से ही माता के भक्त हैं। उनके परिवार की ओर से मंदिर में कलश स्थापना भी की जाती है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा झारखंड सहित पूरे देशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, राकेश सिंह, प्रेम झा, अरुण मिश्रा, संजना साहू, सुभाष मुखी, ज्ञान सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने