बारीडीह में भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक में बनी रणनीति, सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर सोमवार को बारीडीह के बागुननगर स्थित आशीर्वाद कल्याण मंडप में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान के तहत आगामी 5 नवंबर को जमशेदपुर में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।
बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व विधायक मेनका सरदार और पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
पदयात्रा से लेकर युवा संवाद तक होंगे कार्यक्रम
बैठक में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की राजनीति तथा उनके कथित दोहरे मानदंडों को जनता के सामने रखने के उद्देश्य से अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पदयात्राओं, विधानसभा क्षेत्रों में प्रबुद्धजनों की गोष्ठियों, शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताओं और प्रभावशाली नागरिकों से संपर्क जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि 5 नवंबर को होने वाली पदयात्रा में चारों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा नेताओं ने अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच अपनी बात रखने की रणनीति बनाई।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास और जनहित के मुद्दों के बजाय भ्रम एवं अस्थिरता का माहौल बनाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कार्यकर्ताओं से की एकजुटता की अपील
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और शहरवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष के आरोपों और उसके राजनीतिक रुख का जवाब जनता के बीच तथ्यों के साथ रखेगी।
बैठक में पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व विधायक मेनका सरदार और मीरा मुंडा ने भी अपने विचार रखे। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक ने दिया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा और रामबाबू तिवारी, गुंजन यादव, राजन सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर पांडेय, अमरप्रीत सिंह काले, कल्याणी शरण, रीता मिश्रा, कुसुम पूर्ति, संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रिंकू सिंह, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, बिनोद सिंह, अखिल सिंह, अमित सिंह, उज्ज्वल सिंह, राकेश दुबे, नीलु मछुआ, नीतिश कुशवाहा, सागर राय, रमेश बास्के, पोरेश मुखी, सोनू ठाकुर सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags
जमशेदपुर
Comments