चाकुलिया थाना का ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश


जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शुभम खंडेलवाल ने चाकुलिया थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विकास आनंद लागुरी एवं पुलिस निरीक्षक, धालभूमगढ़ अजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने थाना के विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही लंबित कांडों की स्थिति, विधि-व्यवस्था, थाना परिसर की साफ-सफाई और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आम जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाएं।

Comments

और नया पुराने