साकची में आधी रात को नशे में धुत युवकों का हंगामा, राहगीरों से मारपीट और धमकाने का आरोप

जमशेदपुर। साकची स्थित बसंत टॉकीज के नजदीक भाजपा कार्यालय के सामने सोमवार देर रात करीब 12 बजे कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक नशे की हालत में थे और सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे। आरोप है कि युवकों ने लोगों को डराया और उनसे उलझ गया। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन खड़ा था। स्थानीय लोगों ने जब पुलिस को मामले की सूचना दी, तो पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी कार की चपेट में आने से कई वाहनों को टक्कर लगने की बात सामने आई।

स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन की तत्परता से युवक मौके से भागने में सफल नहीं हो सके। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर सभी पांच युवकों को पकड़ लिया गया। बताया जाता है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान शराब और बेसबॉल बैट समेत अन्य सामान मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई की पुष्टि होना बाकी है।

Comments

और नया पुराने