आदित्यपुर में चाकूबाजी से युवक की हत्या, शंभू सिंह के पूजा पंडाल में काम कर रहा था शेखर

वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी में तीन अन्य लोग भी घायल; टीएमएच में इलाज के दौरान शेखर ने तोड़ा दम

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में बुधवार देर रात चाकूबाजी की घटना में शेखर नामक युवक की मौत हो गई। वह शंभू सिंह के पूजा पंडाल में लाइटिंग का काम कर रहा था। इस घटना में तीन अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12 बजे शेखर और उसके साथ काम करने वाला एक अन्य युवक पंडाल से लगभग 500 मीटर दूर एक ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचे थे। दोनों ने वेज रोल का ऑर्डर दिया। बताया जा रहा है कि ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी होने लगी।

इस दौरान शेखर समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल शेखर को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विवाद की वास्तविक वजह, घटना में शामिल लोगों की पहचान और चाकूबाजी के पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Comments

और नया पुराने