जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना, 12 लाख के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार
जमशेदपुर के मानगो स्थित एमजीएम थाना क्षेत्र की हिल व्यू कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, हिल व्यू कॉलोनी निवासी अनुपम ओझा महानवमी की रात करीब 12:30 बजे अपने घर में ताला बंद कर सपरिवार दुर्गा पूजा का उत्सव देखने निकले थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर और अंधेरे का फायदा उठाया और घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे जब अनुपम ओझा अपने परिवार के साथ घर लौटे, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दरवाजे और गोदरेज की अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे करीब 12 लाख रुपये के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना की जानकारी अनुपम ओझा ने स्थानीय एमजीएम थाना पुलिस और भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दी। सूचना मिलने पर विकास सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
विकास सिंह ने कहा कि चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने इस वारदात से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही। साथ ही जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
हिल व्यू कॉलोनी में हुई इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने चोरी की वारदात का खुलासा करने और चोरों तक पहुंचने की चुनौती है।
Tags
जमशेदपुर
Comments