सरायकेला में पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, खून से सना चाकू और ईंट बरामद

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा; हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन नायक उर्फ पाण्डेय जी (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय अशोक नायक, निवासी महलीसाई, निचला टोला, ग्राम धातकीडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा ईंट, चाकू और खून लगा कपड़ा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, धातकीडीह निवासी वादिनी पार्वती नायक (48 वर्ष), पति स्वर्गीय अशोक नायक, ने अपने पुत्र अर्जुन नायक के खिलाफ अपने पति अशोक नायक (58 वर्ष) की हत्या करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में सरायकेला थाना कांड संख्या 107/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन नायक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा ईंट और चाकू बरामद किया। इसके अलावा आरोपी का खून लगा कपड़ा भी जब्त किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी

छापेमारी दल में पु०अ०नि० गौरव कुमार, ओपी प्रभारी, सीनी; स०अ०नि० सुगदा हांसदा तथा रिजर्व गार्ड, सीनी ओपी शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और साक्ष्य के रूप में सामान की बरामदगी की गई है।

Comments

और नया पुराने