रांची के कांके में कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आधा दर्जन से अधिक राउंड चलीं गोलियां, राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिलने से मची सनसनी



रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए रिहायशी इलाके में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। शुक्रवार की अहले सुबह कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास को निशाना बनाकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे अपराधी संजय करमाली के घर पहुंचे और मुख्य दरवाजे के ऊपर आधा दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटनास्थल से मिला राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा

इस घटना के बाद सबसे ज्यादा चर्चा घटनास्थल से कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिलने को लेकर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर फायरिंग के बाद पर्चा छोड़कर फरार हुए। हालांकि, पर्चे की प्रामाणिकता और गैंग की वास्तविक संलिप्तता की पुलिस जांच जारी है।

पहले भी मिल चुकी थी धमकी, उरीमारी साइडिंग पर भी हुई थी फायरिंग

बताया जा रहा है कि संजय करमाली हजारीबाग जिले के उरीमारी में कोयला साइडिंग का कारोबार करते हैं। इससे पहले उन्हें कथित तौर पर धमकी मिली थी और उनकी उरीमारी स्थित कोयला साइडिंग पर भी फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में उरीमारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

अब रांची स्थित उनके आवास पर हुई फायरिंग को पुरानी धमकी और साइडिंग पर हुई घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अपराधियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

राजधानी के रिहायशी इलाके में कोयला कारोबारी के घर पर इस तरह की फायरिंग ने एक बार फिर कारोबारियों की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments

और नया पुराने